रिपोर्ट/विकाश कुमार सिंह/आरा: सहार प्रखंड क्षेत्र के पेरहाप गांव निवासी शिक्षक सुशील कुमार राय उर्फ पुतुल राय की अचानक हृदयाघात से मौत हो गई। वे वर्तमान में सहार प्रखंड अंतर्गत बंशीडिहरी स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में प्रखंड शिक्षक के रूप में पदस्थापित थे और बीएलओ का अतिरिक्त कार्य भी देख रहे थे।
परिजनों के अनुसार अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल पटना ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। बताया जाता है कि मृतक के पिता स्व. सुरेंद्र राय भी शिक्षक थे, जिनका निधन वर्ष 2008 में करबासीन के समीप हार्ट अटैक से ही हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही सहार-पूर्वी की जिला पार्षद मीना कुमारी तथा जनसुराज पार्टी के प्रदेश कार्य समिति सदस्य अधिवक्ता घनश्याम राय मृतक के घर पहुंचे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और सांत्वना देते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही मृतक की पत्नी को अनुकम्पा के आधार पर नौकरी दिलाने के लिए पहल करने की बात कही।
मृतक अपने पीछे पत्नी, माता, एक पुत्र एवं एक पुत्री को छोड़कर स्वर्गवासी हो गए। स्थानीय क्षेत्र में शिक्षक के निधन से शोक की लहर व्याप्त है।




