लौटते समय हादसे का शिकार,शादी के शगुन के साथ मौत की खबर लौट आई
आरा: भोजपुर जिले में दर्दनाक सड़क हादसे की घटना सामने आई है। सिकरहट्टा थाना क्षेत्र के मोपती बाजार के समीप मोटरसाइकिल सवार ने ऑटो से उतर रहे एक अधेड़ व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। घायल को आनन-फानन में पिरो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देख डॉक्टरों ने आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
लेकिन इलाज हेतु लाने के दौरान ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।मृतक की पहचान हृदयानंद सिंह (49 वर्ष) के रूप में की गई है, जो नवादा गांव, सहार थाना के निवासी थे। उनके पिता का नाम स्व. सिंहासन सिंह है। मृतक पीछे पत्नी आशा देवी, तीन पुत्र – संतोष, मंतोष और करण, एक पुत्री दुर्गावती देवी, पांच भाई – विद्यानंद सिंह, मृतक, सदम, मदन, राजू और एक बहन स्व. विमल देवी का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। भाई-बहन में वह दूसरे नंबर पर थे।बताया जाता है कि हृदयानंद सिंह अपनी बहन की नातिन की शादी का दिन रखने के लिए सिकरहट्टा थाना क्षेत्र के शिवपुर हॉल्ट गांव गए थे। शादी की तारीख तय करने के बाद वे वापस अपने गांव लौट रहे थे इसी दौरान यह हादसा हो गया। मृतक हैदराबाद में एक प्राइवेट कंपनी में कार्य करते थे और छठ पूजा को लेकर इन दिनों घर आए हुए थे।हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मोटरसाइकिल को पकड़ लिया और सिकरहट्टा थाना पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
शादी का दिन रखने गए थे, लौटे मौत के सन्नाटे में
परिजनों में कोहराम मचा है। गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है। खुशियों के माहौल में मातम छा गया। वही स्थानीय थाना पुलिस टीम के द्वारा शव को अपने कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया करने के बाद उसका पोस्टमार्टम आरा के सदर अस्पताल में करवाया गया है।





