आरा: सिकरहटा थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुई जमकर मारपीट का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों ओर से लोग लाठी-डंडों के साथ एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं, जिससे गांव का माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया था।
घटना में करीब 5 से 6 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही सिकरहटा थाना पुलिस के साथ-साथ आसपास के कई ठानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
बताया जा रहा है कि इंडिया महागठबंधन समर्थक और एनडीए समर्थक वोट देने को लेकर आपस में भिड़ गए थे, जिसके बाद विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया। शनिवार की सुबह यह घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है।
पुलिस अब वायरल वीडियो का विश्लेषण कर रही है और इसमें दिख रहे लोगों की पहचान की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और मामले की जांच जारी है।





