नगर पंचायत जगदीशपुर में अतिक्रमण-उन्मूलन अभियान तेज करने के निर्देश: डीएम
जगदीशपुर/भोजपुर:- बुधवार को जिलाधिकारी भोजपुर श्री तनय सुल्तानिया द्वारा जगदीशपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने प्रखंड क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकासात्मक कार्यों का जायज़ा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि लंबित जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्रों का निपटारा शीघ्र किया जाए। जिलाधिकारी ने प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी को यह भी निर्देश दिया कि क्षेत्र में स्थापित सोलर स्ट्रीट लाइट्स पूर्णतः क्रियाशील रहें तथा यदि किसी लाइट में मरम्मत की आवश्यकता हो तो उसे संबंधित एजेंसी के माध्यम से तत्काल दुरुस्त कराया जाए।
साथ ही पंचायत स्तर पर पुस्तकालय भवन निर्माण कार्य में तेजी लाने एवं लंबित योजनाओं पर प्राथमिकता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देशित किया कि आवास योजना से संबंधित लंबित मामलों का सत्यापन शीघ्र पूरा कर पात्र लाभार्थियों को लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अंचल अधिकारी को सभी लंबित म्यूटेशन एवं परिमार्जन मामलों के समयबद्ध निपटारे के निर्देश दिए। कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत जगदीशपुर को नगर पंचायत क्षेत्र में नियमित अतिक्रमण-उन्मूलन अभियान संचालित करते हुए सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे या गतिविधि को रोकने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त गुंजन सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी क्रान्ति कुमार, अंचल अधिकारी विश्वजीत नीलांकर एवं अन्य विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।




