आरा:- आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 के दृष्टिगत जिले में स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु एक भव्य “मतदाता जागरूकता मैराथन” का आयोजन किया गया। यह मैराथन समाहरणालय परिसर, भोजपुर से प्रारंभ होकर पकड़ी चौक होते हुए वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के प्रांगण में सम्पन्न हुई। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक मतदाताओं को आगामी विधानसभा चुनाव में भागीदारी हेतु प्रेरित करना तथा लोकतांत्रिक प्रणाली में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।

मैराथन का शुभारंभ सभी प्रेक्षकगण, जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी भोजपुर श्री तनय सुल्तानिया एवं उप विकास आयुक्त भोजपुर की उपस्थिति में किया गया। मैराथन के दौरान प्रतिभागियों ने “पहले मतदान, फिर जलपान”, “हर वोट जरूरी है” जैसे नारों के माध्यम से जनमानस को मतदान के महत्व से अवगत कराया।

जिले के विभिन्न सामाजिक संस्थानों एवं युवा संगठनों ने भी इस जन-जागरूकता अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
जिला पदाधिकारी ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की सशक्तता का आधार जनता की जागरूकता और उसकी मतदान में भागीदारी है।

उन्होंने उपस्थित नागरिकों से अपील की कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग 06 नवम्बर 2025 को अवश्य करें और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त भोजपुर, स्वीप नोडल पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मी, विद्यालय एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएँ, स्वयंसेवी संगठन तथा आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।






