कुसुम्हां में दंगल प्रतियोगिता में पहलवानों के दांव-पेंच



जगदीशपुर/भोजपुर गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर बुधवार को जगदीशपुर प्रखंड के कुसुम्हां गांव में पारंपरिक दंगल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन स्थानीय समिति और ग्रामीणों के सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक रामबिशुन सिंह उर्फ लोहिया एवं एमएलसी भगवान सिंह कुशवाहा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के पश्चात गोवर्धन पर्वत और अखाड़े की पूजा-अर्चना विधिवत रूप से की गई।

दंगल की अध्यक्षता शिक्षक दयानंद यादव ने की और संचालन हरिनारायण यादव ने किया। रेफरी की भूमिका में उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध पहलवान विकास राय और रामजी ठाकुर मौजूद रहे। प्रतियोगिता में कई प्रदेश के नामी पहलवानों ने हिस्सा लिया, जिनमें गाजीपुर के अमन और निहाल, इलाहाबाद (प्रयागराज) के रिंकू, सुनील, राजू, बनारस की करिश्मा और रितिका, प्रयागराज के रितेश, सुदामा, अमन, और बलिया के आनंद सिंह प्रमुख थे। सभी ने अखाड़े में शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया।

हर जोड़ी के मुकाबले के लिए अलग-अलग इनाम राशि तय की गई थी। विजेता पहलवानों को नगद इनाम और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुकाबलों के दौरान ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी रही। तालियों और जयकारों से पूरा मैदान गूंज उठा।

विधायक और एमएलसी ने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण परंपरा और खेल भावना को जीवित रखते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों में आगे आने की अपील की। कार्यक्रम की सफलता में मदन यादव, उपेंद्र यादव, लाल बाबू यादव, श्याम बिहारी, शिव नारायण सिंह, लोकनाथ सिंह, विमलेश यादव सहित कई ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे चैनल में आपका स्वागत है, खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -+91 7903628633,9470079625
error: Content is protected !!