10 जनवरी को दुल्हिनगंज में श्रद्धांजलि सभा, सीएम–डिप्टी सीएम होंगे शामिल
जगदीशपुर/भोजपुर:- जिले के जगदीशपुर प्रखंड अंतर्गत दुल्हिनगंज गांव में आगामी 10 जनवरी को स्थानीय विधायक भगवान सिंह कुशवाहा की दिवंगत पत्नी उषा कुमारी की स्मृति में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी शामिल होंगे। वीवीआईपी आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया एवं पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज ने कार्यक्रम स्थल, प्रस्तावित हेलीपैड तथा पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी संजीत कुमार और एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर विधायक के परिवार सहित सीमित संख्या में लोगों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने, बैरिकेडिंग के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा प्रभावी भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही एक अतिरिक्त हेलीपैड स्थल चिन्हित कर उसके निर्माण का आदेश भी दिया गया। डीएम और एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। इसमें पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती, यातायात नियंत्रण तथा आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री एवं दोनों उपमुख्यमंत्रियों के आगमन को लेकर प्रशासन के साथ-साथ विधायक के परिवार और एनडीए के नेता व कार्यकर्ता भी सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं।
स्थानीय विधायक भगवान सिंह कुशवाहा स्वयं कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर सभी व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि श्रद्धांजलि समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, दोनों उपमुख्यमंत्री, सांसद, मंत्री, विधायक एवं वरीय प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे। पूर्व मुखिया नीरज सिंह कुशवाहा ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं, जबकि दीपू सिंह कुशवाहा ने व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की बात कही। जदयू प्रखंड अध्यक्ष अनूप पटेल ने भी एनडीए के तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति की पुष्टि की। उल्लेखनीय है कि विधायक भगवान सिंह कुशवाहा की पत्नी उषा कुमारी का 27 दिसंबर को पटना स्थित मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। उनकी स्मृति में यह श्रद्धांजलि समारोह उनके पैतृक गांव दुल्हिनगंज में आयोजित किया जा रहा है।





