जगदीशपुर:-जगदीशपुर नगर के डीएम रोड स्थित मनोरमा मैरिज हॉल में तेली साहू समाज द्वारा दानवीर भामाशाह की 479वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सामाजिक कार्यकर्ता सतीश कुमार गुप्ता ने की, जबकि संचालन नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष अर्जुन प्रसाद ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुरेंद्र साह, संजय पासवान, जवाहर साह, बृज बिहारी साह, मनरखन साह और शिवजी साह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर तथा पुष्प अर्पित कर की। इसके बाद उपस्थित लोगों ने भामाशाह की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने दानवीर भामाशाह के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला। सतीश कुमार गुप्ता, अर्जुन प्रसाद और सुनील कुमार ने कहा कि भामाशाह मेवाड़ के कुशल प्रशासक, मंत्री और महाराणा प्रताप के सच्चे सहयोगी थे।
हल्दीघाटी युद्ध के समय उन्होंने अपनी पूरी संपत्ति राष्ट्र और मातृभूमि की रक्षा के लिए दान कर दी थी, जो उनके त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। अन्य वक्ताओं ने लोगों से भामाशाह के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। साथ ही बिहार सरकार से मांग की गई कि जगदीशपुर में दानवीर भामाशाह की प्रतिमा स्थापित की जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके त्याग और बलिदान से प्रेरणा ले सकें।
कार्यक्रम में भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र साह, पूर्व चेयरमैन शिवजी वैश्य, माधव केसरी, संजय पासवान, मोनू निराला सहित समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।





