एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई भोजपुर में अवैध कारतूस और मैगजीन के साथ एक बदमाश गिरफ्तार



आरा: पटना से आई एसटीएफ की टीम ने भोजपुर पुलिस के सहयोग से एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने इमादपुर थाना क्षेत्र के राजपुर गांव में छापेमारी कर अवैध कारतूस और मैगजीन के साथ एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजपुर गांव निवासी संजय यादव के रूप में हुई है।

संयुक्त छापेमारी के दौरान पुलिस ने 315 बोर के आठ जिंदा कारतूस, तीन खोखा और एक मैगजीन बरामद किया है। हालांकि, घटनास्थल से कोई हथियार बरामद नहीं हो सका। इस मामले में आर्म्स एक्ट के तहत इमादपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

सूत्रों के अनुसार, एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि इमादपुर सोन दियारा क्षेत्र में कुछ अपराधी अवैध हथियार और कारतूस के साथ किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी की, जिसमें संजय यादव को मौके से पकड़ लिया गया।

छापेमारी अभियान में इमादपुर थानाध्यक्ष सुनीत सिंह, डीआईयू टीम और एसटीएफ के जवान शामिल थे। पूरे अभियान का नेतृत्व पटना एसटीएफ यूनिट के अधिकारियों ने किया।

थानाध्यक्ष सुनीत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार संजय यादव का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वर्ष 2020 में मारपीट और चोरी के मामलों में भी वह आरोपित रह चुका है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी का किन आपराधिक तत्वों से संपर्क रहा है और बरामद कारतूसों की सप्लाई कहां से हुई।

एसटीएफ और पुलिस आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और संभावित वारदात की योजना की गहराई से पड़ताल कर रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे चैनल में आपका स्वागत है, खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -+91 7903628633,9470079625
error: Content is protected !!