आरा: उदवंतनगर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत छोटी सासाराम खेल मैदान में एक बार फिर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। खेल मैदान पर दोबारा अतिक्रमण की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन द्वारा बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी तेज कर दी गई है।अंचल प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को आगामी 4 जनवरी तक स्वयं अतिक्रमण हटाने की समय-सीमा तय की है। तय अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने की स्थिति में 5 जनवरी को बलपूर्वक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इसे लेकर अंचल कार्यालय ने भारी संख्या में पुलिस बल एवं अनुमंडल स्तरीय दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति के लिए अनुमंडल पदाधिकारी से अनुरोध किया है। इस मामले में कुल 45 अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध नोटिस जारी किया गया है।
इस संबंध में अंचलाधिकारी हरिकेश त्रिपाठी ने बताया कि सीडब्ल्यूजेसी संख्या 17622/17 में पारित आदेश के अनुपालन में ग्राम पंचायत छोटी सासाराम, मौजा सरैया स्थित खेल मैदान (पड़ाव) की भूमि—थाना संख्या 313, खाता संख्या 256, खेसरा संख्या 705, रकबा 5 एकड़ 10 डिसमिल, जो कि भारत सरकार की भूमि के रूप में दर्ज है—को पूर्व में अतिक्रमण वाद संख्या 03/17-18 के तहत विधिवत प्रक्रिया अपनाते हुए 16 अप्रैल 2023 को पूर्ण रूप से अतिक्रमण मुक्त कराया गया था।
उन्होंने बताया कि उक्त भूमि पर पुनः अतिक्रमण किए जाने की शिकायत मिलने के बाद सभी अतिक्रमणकारियों को 4 जनवरी तक स्वेच्छा से भूमि खाली करने का नोटिस भेजा गया है। निर्धारित तिथि तक अतिक्रमण नहीं हटाने की स्थिति में 5 जनवरी को प्रशासन द्वारा बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस सख्ती से क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।





