नेताओं ने बताई एकजुटता की जीत
सम्राट चौधरी के बयान पर नेताओं ने जताई नाराजगी
जगदीशपुर:- भोजपुर आरा-बक्सर एमएलसी चुनाव में महागठबंधन समर्थित उम्मीदवार सोनू राय की जीत के उपलक्ष्य में सोमवार को जगदीशपुर प्रखंड के मोर्चा गांव में उत्तरवारी जंगलमहाल पंचायत की मुखिया सोनामती देवी के आवास पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महागठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जीत की खुशी मनाते हुए इसे कार्यकर्ताओं की मेहनत और एकजुटता का परिणाम बताया।
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष आशा देवी, आरा के पूर्व मेयर सुनील कुमार यादव, जिला परिषद सदस्य मोहम्मद मुस्लिम, मोहम्मद इमामुद्दीन, मुखिया पिंटू प्रसाद, मुकेश पाल तथा उप मुखिया मोहम्मद अकबर सहित बड़ी संख्या में महागठबंधन के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। राजद नेता अजय यादव ने सभी को स्वागत किया।
इस दौरान जिला परिषद अध्यक्ष आशा देवी ने कहा कि चुनाव काफी कठिन था, लेकिन जब भी बैलेट पेपर से चुनाव होता है, महागठबंधन को जीत मिलती है। उन्होंने ईवीएम को लेकर भी सवाल उठाए। वहीं पूर्व मेयर सुनील कुमार यादव ने कहा कि सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं की एकजुटता का ही परिणाम है कि आज सोनू राय की जीत हुई है।राजद नेता अजय यादव ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों ने सोनू राय को जिताने में पूरी ताकत लगा दी। उन्होंने कहा कि गांव-गांव जाकर महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने चुनाव में मेहनत की, जिसका परिणाम जीत के रूप में सामने आया। वहीं बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा हरे रंग के गमछे को लेकर दिए गए बयान पर भी वक्ताओं ने नाराजगी जताई। नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री पूरे बिहार के होते हैं, इसलिए उन्हें ऐसा बयान नहीं देना चाहिए जिससे किसी पार्टी व वर्ग की भावना आहत हो। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जहां उपस्थित लोगों ने विभिन्न लजीज व्यंजनों का स्वाद लिया और एक-दूसरे को जीत की बधाई दी




