मंत्री को चांदी का मुकुट, शॉल और बाबू वीर कुंवर सिंह का मोमेंटो भेंट कर किया सम्मानित
संत बराहना महिला कॉलेज में 12 प्रोफेसर और 16 कर्मियों को मिला नियुक्ति पत्र
कॉलेज में 10 लाख से बनेगा सभागार, स्मार्ट क्लास में निशुल्क कोचिंग की छात्राओं को मिलेगी सुविधा
जगदीशपुर/भोजपुर:- जगदीशपुर नगर स्थित संत श्री बराहना महिला कॉलेज में रविवार को सम्मान सह अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महंत रामजीवन दास जी महाराज ने की और संचालन कॉलेज के पूर्व कर्मी विजय कुमार सिंह ने किया। समारोह में जगदीशपुर विधायक एवं बिहार सरकार के योजना एवं विकास मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा के मंत्री बनने पर कॉलेज परिवार की ओर से उनका भव्य स्वागत व अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दिनेश कुमार मिश्रा द्वारा मंत्री को चांदी का मुकुट, शॉल और बाबू वीर कुंवर सिंह का मोमेंटो भेंट कर सम्मानित करने से हुई। इसके बाद छात्राओं ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। समारोह के दौरान 12 नए प्रोफेसर तथा 16 क्लर्क और आदेशपाल को मंत्री, महंत रामजीवन दास जी महाराज एवं प्राचार्य ने संयुक्त रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किया। नियुक्ति पत्र मिलते ही चयनित अभ्यर्थियों में खुशी देखी गई।
मौके पर मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा ने कॉलेज में 10 लाख रुपये की लागत से सभागार निर्माण कराने की घोषणा की। साथ ही स्मार्ट क्लास संचालन के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और छात्राओं के लिए निशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग शुरू कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को बेहतर शिक्षा और अवसर देना सरकार की प्राथमिकता है।
प्राचार्य ने कॉलेज में पीजी की पढ़ाई शुरू कराने की मांग रखी:—–
प्राचार्य डॉ. दिनेश कुमार मिश्रा ने कॉलेज में पीजी की पढ़ाई शुरू कराने की मांग रखी, जिस पर मंत्री ने पहल का भरोसा दिया। कॉलेज प्रशासन ने बताया कि प्रोफेसरों को 10 से 12 हजार तथा कर्मचारियों को 7 से 10 हजार रुपये तक मानदेय दिया जाएगा।
समारोह में कॉलेज के प्रोफेसर, कर्मी, नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन मुकेश कुमार गुड्डू, जदयू प्रखंड अध्यक्ष अनूप पटेल, प्रतिनिधि संजय यादव, जदयू नगर अध्यक्ष मुकेश कुशवाहा, मिलिंद चौधरी, नंद गोपाल चौधरी उर्फ नंदजी बाबा, दीपू कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।





