एसडीपीओ ने लिया घटनास्थल का जायजा, सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस
जगदीशपुर/भोजपुर:- शनिवार दोपहर में बिहिया जदयू के प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुशवाहा पर फायरिंग की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह घटना दोपहर करीब 1:20 बजे की है, जब वे जगदीशपुर थाना क्षेत्र के शिवगंज स्थित अपने घर के पास दो लोगों के साथ बैठे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उन पर अचानक गोलियां चला दीं।
फायरिंग में एक गोली उनके बाएं पैर को छूकर निकल गई, जिससे वे मामूली रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल जगदीशपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई। चिकित्सकों के अनुसार, गोली शरीर में नहीं फंसी, केवल सतही तौर पर छूकर गुज़र गई, जिसके कारण बड़ा हादसा टल गया। उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही जगदीशपुर एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी। एसडीपीओ ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाला जा रहा। जल्द अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी और स्थानीय इनपुट को मिलाकर तेजी से कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
आकस्मिक फायरिंग से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दिया गया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।





