आरा: भोजपुर जिले में अत्यधिक ठंड और लगातार गिरते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। बच्चों के स्वास्थ्य एवं जीवन पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव की आशंका के मद्देनज़र जिला दंडाधिकारी, भोजपुर द्वारा जिले के सभी निजी एवं सरकारी विद्यालयों में कक्षा 01 से 08 तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार यह प्रतिबंध 24 दिसंबर 2025 से 26 दिसंबर 2025 तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान जिले के सभी प्री-स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
वहीं कक्षा 08 से ऊपर की कक्षाओं के लिए विद्यालय सीमित समयावधि में संचालित किए जाएंगे। इन कक्षाओं की शैक्षणिक गतिविधियां पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 03:30 बजे तक ही संचालित होंगी।
हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्री-बोर्ड एवं बोर्ड परीक्षा के लिए संचालित विशेष कक्षाएं और परीक्षाएं इस आदेश से मुक्त रहेंगी और वे पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगी।
जिला प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों को ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें।





